सरपंच पति के हौसले बुलंद, सच लिखने की कीमत चुकाता पत्रकार
दिनदहाड़े रास्ता रोककर किया हमला, मारपीट व धमकी — मामला दर्ज
भीलवाड़ा | 24 दिसंबर
ग्रामीण क्षेत्र में सच उजागर करना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। फुलियाकलां थाना क्षेत्र में एक पत्रकार पर दिनदहाड़े रास्ता रोककर हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पत्रकार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान पत्रिका के संवाददाता सत्यनारायण टेलर ने 17 दिसंबर को ग्राम अरवड़ में आयोजित रात्रि चौपाल कार्यक्रम से जुड़ी एक समाचार रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इसी खबर से नाराज़ होकर ग्राम सरदारपुरा निवासी एवं सरपंच पति रामलाल गुर्जर ने पहले पत्रकार को फोन पर धमकियां दीं।
आरोप है कि 24 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब पत्रकार अपने निजी कार्य से जा रहे थे, तभी आरोपित ने अपने साथियों के साथ उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कॉलर पकड़कर मारपीट की। इस दौरान लात-घूंसे मारे गए तथा दांत से काटकर चोट भी पहुंचाई गई।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पत्रकार को धमकी दी कि यदि उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई तो उसके खिलाफ झूठे एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसाने और उसकी पत्रकारिता समाप्त कर देने की चेतावनी दी गई।
घटना के बाद घायल पत्रकार ने फुलियाकलां थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 126(2) एवं 189(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पत्रकार संगठनों व समाज के प्रबुद्धजनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
— मोनू सुरेश छीपा


