पहली बार प्रतापपुरा में होगा दहेज रहित कायमखानी सामूहिक विवाह सम्मेलन
मेवाड़ कायमखानी महासभा के तत्वावधान में 10 मई 2026 को होगा ऐतिहासिक आयोजन
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा (भीलवाड़ा)।
सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और सरल विवाह परंपरा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मेवाड़ कायमखानी महासभा के तत्वावधान में दहेज रहित कायमखानी सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन पहली बार प्रतापपुरा (शाहपुरा) में किया जाएगा। यह सम्मेलन रविवार, 10 मई 2026 को आयोजित होगा।
इस संबंध में एक आवश्यक बैठक निम्बाहेड़ा खुर्द में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता हाजी चांद खांजी, शाहपुरा ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यह सम्मेलन पूर्णतः दहेज रहित होगा, जिससे समाज में सादगी, समानता और सामाजिक सुधार का संदेश दिया जा सके।
बैठक में समाज के भामाशाहों द्वारा सम्मेलन के लिए लगभग 15 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की गई, जिससे आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप दिया जा सकेगा। सम्मेलन में भाग लेने वाले वर की न्यूनतम आयु 21 वर्ष एवं वधु की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है।
सम्मेलन के अंतर्गत विवाह हेतु पंजीकरण 1 जनवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक किए जाएंगे। पंजीकरण की जिम्मेदारी भूरे खांजी, शाहपुरा को सौंपी गई है। पंजीकरण केवल जी.एन. ट्रेडर्स, फुलिया गेट, शाहपुरा स्थित कमेटी कार्यालय पर ही किए जाएंगे।
सम्मेलन से संबंधित परंपरा अनुसार गांठियां 30 अप्रैल 2026 को प्रतापपुरा से संबंधित वधु पक्ष के घर प्रतापपुरा से ही भेजी जाएंगी। सभी पंजीकृत जोड़ों का निकाह शाम को असर और मगरिब के बीच, लगभग सायं 6 बजे संपन्न होगा।
सम्मेलन में पधारने वाले सभी आगंतुकों के भोजन की व्यवस्था प्रतापपुरा ग्रामवासियों द्वारा की जाएगी। सम्मेलन से जुड़े अन्य दिशा-निर्देश समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से समाज को अवगत कराए जाएंगे।
महासभा एवं आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि समाज व कमेटी द्वारा जारी किए जाने वाले सभी निर्णयों का सख्ती से पालन करना प्रत्येक समाजजन के लिए अनिवार्य होगा। यह सम्मेलन सामाजिक एकता, सादगी और सुधार की दिशा में कायमखानी समाज का एक प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है।


