विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का जन्मदिन इस बार सादगी से, सिर्फ सुंदरकांड पाठ का आयोजन
पत्नी इंदिरा देवनानी के निधन के कारण नहीं होगा कोई भव्य कार्यक्रम, समर्थकों से सादगी बरतने की अपील
अजमेर | 8 जनवरी 2026
अजमेर उत्तर से भाजपा विधायक एवं राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का जन्मदिन 11 जनवरी को इस वर्ष सादगीपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। हाल ही में उनकी पत्नी श्रीमती इंदिरा देवनानी के निधन के कारण उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की है कि इस अवसर पर किसी प्रकार का भव्य आयोजन न किया जाए।
देवनानी ने बताया कि प्रतिवर्ष उनके जन्मदिन पर अजमेर स्थित निवास पर भव्य कार्यक्रम एवं सामूहिक भोजन का आयोजन किया जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष परिस्थितियों को देखते हुए सभी औपचारिक आयोजनों को स्थगित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार वे माला, गुलदस्ता अथवा अन्य स्वागत सामग्री स्वीकार नहीं करेंगे।
हालांकि, 11 जनवरी को अजमेर की संत कंवर राम कॉलोनी स्थित उनके निवास पर दोपहर 12 बजे से सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया जाएगा। पाठ के समापन के पश्चात प्रसाद का वितरण किया जाएगा। जो समर्थक माला लेकर आएंगे, उन्हें राम दरबार में समर्पित किया जाएगा।
सेवा कार्यों के तहत देवनानी ने बताया कि वे अपने जन्मदिन के अवसर पर जेएलएन अस्पताल को 10 आईसीयू बेड प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त कोटड़ा स्थित सैटेलाइट अस्पताल को सर्जिकल किट एवं आई (नेत्र) किट भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
देवनानी ने उम्मीद जताई कि उनके समर्थक उनकी भावनाओं का सम्मान करेंगे और जन्मदिन को पूरी सादगी व संवेदनशीलता के साथ मनाएंगे।
— मोनू सुरेश छीपा


