राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: स्वामी विवेकानंद मॉडल विद्यालय शाहपुरा में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का संदेश
परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन, तकनीकी जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार की दी गई जानकारी

✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा।
राजस्थान सरकार के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय, शाहपुरा में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों को विद्यार्थी परिवहन के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षात्मक उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” और “सतर्क रहें हम, सुरक्षित हो सफर” जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान सड़क पर सुरक्षित व्यवहार, नियमों के पालन और तकनीक के सही उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य ईश्वर लाल मीणा ने विद्यार्थियों की भूमिका एवं दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्कूल बस में यात्रा करते समय, साइकिल से स्कूल आने-जाने पर, पैदल चलने के दौरान, दोपहिया वाहन उपयोग तथा सार्वजनिक परिवहन—जैसे ऑटो, वैन एवं मिनी बस—से सफर करते समय किन-किन सावधानियों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ सड़क सुरक्षा के मानक बिंदुओं पर संवाद किया गया, जिससे उनमें नियमों के प्रति समझ और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार से राजेश धाकड़, मनोज कुमावत, नरेश पाल सिंह धाभाई, डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत, पर्वत सिंह कानावत एवं सुमित कुमार खटीक उपस्थित रहे।
— मोनू सुरेश छीपा



