शाहपुरा के डॉ. तनय व्यास को प्राणी विज्ञान में पीएचडी की उपाधि
गोविंद गुरु विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया सम्मानित
✍️ *मोनू सुरेश छीपा|द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा के होनहार पुत्र डॉ. तनय व्यास को प्राणी विज्ञान विषय में उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए विद्या वाचस्पति (पीएचडी) की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 8 जनवरी को गोविंद गुरु विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. तनय व्यास शाहपुरा के मूल निवासी हैं। उनके पिता योगेश व्यास प्रधानाचार्य हैं, जबकि वे नगर के वरिष्ठ कंपाउंडर स्व. विष्णु कुमार व्यास के पौत्र हैं। परिवार की शैक्षिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि ने उनकी इस उपलब्धि को और भी गौरवपूर्ण बना दिया है।
डॉ. व्यास का शोध कार्य “माही बजाज सागर की मत्स्य प्राणीजातीय विविधता एवं सरोवर विज्ञान का अध्ययन” विषय पर केंद्रित रहा, जिसे उन्होंने डॉ. सुरेंद्र मोहन राय के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया। इस शोध से प्राणी विज्ञान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
उन्होंने अपनी एमएससी की डिग्री मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर से प्राप्त की तथा वर्ष 2025 में पीएचडी की उपाधि अर्जित की। उनके शोध निष्कर्ष भविष्य में मत्स्य संसाधन संरक्षण एवं सरोवर विज्ञान के अध्ययन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले माने जा रहे हैं।
डॉ. तनय व्यास की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवारजनों सहित समस्त शाहपुरा वासियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


