शाहपुरा में विधायक जन सुनवाई केंद्र का शिलान्यास, सुशासन की दिशा में भजनलाल सरकार का सशक्त कदम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद को मिली नई मजबूती
शाहपुरा | 10 जनवरी 2026
— मोनू सुरेश छीपा
राजस्थान की जनसमर्पित एवं संवेदनशील सरकार के मुखिया माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार प्रभावी पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु पंचायत समिति परिसर, शाहपुरा में विधायक जन सुनवाई केंद्र के निर्माण के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह केंद्र मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की स्वीकृति से विधायक कोष के माध्यम से बनाया जा रहा है, जो जनता और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि यह जन सुनवाई केंद्र जनता की आवाज को सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुँचाने का स्थायी मंच बनेगा। उन्होंने बताया कि यहाँ प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेकर संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को अपनी बात रखने के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, बल्कि एक तय स्थान पर विधायक अथवा उनके प्रतिनिधि उपलब्ध रहें और पूरी विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान एक ही केंद्र से हो सके।
डॉ. बैरवा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के बाद अब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से अंतिम छोर तक पहुँचाने की आवश्यकता है। इसके लिए संगठन, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मिलकर योजनाओं की जानकारी सभाओं, कार्यक्रमों और मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुँचाएँ, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। यह जन सुनवाई केंद्र न केवल समस्याओं के निराकरण का माध्यम बनेगा, बल्कि सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनहित में चिंतन–मंथन का केंद्र भी बनेगा।
इस अवसर पर कन्हैया लाल धाकड़, गोपाल गुर्जर, अविनाश जीनगर, राजेंद्र बोहरा, पंकज सुगंधी, परमेश्वर पारीक, जीवराज गुर्जर, अभिषेक कलाल, प्रद्युम्न सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता बंधु, स्थानीय नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के इस जनहितकारी कदम की सराहना करते हुए इसे शाहपुरा क्षेत्र में सुशासन और जनसेवा की दिशा में मील का पत्थर बताया।


