फ्लावर शो भीलवाड़ा 2026 का भव्य उद्घाटन, संतों के सान्निध्य में सजा फूलों का संसार
अध्यात्म और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम, 25 हजार से अधिक पौधों से सजी प्रदर्शनी
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा | 10 जनवरी 2026
भीलवाड़ा शहर के अजमेरी पुलिया के पास स्थित एमटीएम सोसाइटी परिसर में आयोजित फ्लावर शो 2026 का भव्य उद्घाटन शुक्रवार को धार्मिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। पूज्य संतों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया।
उद्घाटन समारोह में निंबार्क आश्रम के महंत मोहन शरण जी शास्त्री महाराज, हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास जी महाराज एवं हरिसेवा उदासीन आश्रम के संत गोविंदराम जी महाराज के करकमलों से मोली बंधन खोलकर शुभारंभ किया गया। संतों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आयोजन की सफलता एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर महंत मोहन शरण जी महाराज ने कहा कि फ्लावर शो अध्यात्म एवं पर्यावरण का अनूठा संगम है, जो प्रकृति से जुड़ने और जीवन में सकारात्मकता लाने का संदेश देता है। वहीं संत दास महाराज ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि हर घर पौधा लगाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, तभी भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
आयोजन अध्यक्ष सुनील चौधरी ने बताया कि प्रदर्शनी में 25,000 से अधिक रंग-बिरंगे एवं खुशबूदार पौधे लगाए गए हैं, जिनमें 30 से अधिक विभिन्न प्रजातियां शामिल हैं। यह प्रदर्शनी प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
मीडिया प्रभारी कैलाश सोनी एवं पंकज मिश्रा ने जानकारी दी कि फूलों से बने 15 से अधिक आकर्षक आर्टिकल्स दर्शकों को खूब लुभा रहे हैं। इनमें 15 फीट ऊंचा इसरो रॉकेट, आईफोन मोबाइल, चाय की केतली-कप, चींटियां, पर्स, कैप, 3 इडियट्स की कुर्सी, छोटा भीम, ढोल-गिटार-सारंगी, डक परिवार, बोट, उड़न छतरी, डांसिंग मोर, फल-आकृतियां, मटकी डांस डॉल, घड़ी, मंदिर एवं रोपवे शामिल हैं। फूलों की प्राकृतिक रंगत और सुगंध ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की एक विशेष झलक भीलवाड़ा शहर के 7 विद्यालयों द्वारा तैयार की गई प्राकृतिक फूलों की रंगोली एवं प्रदर्शनी रही, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता साफ झलकती है। इस पहल को दर्शकों ने खूब सराहा।
शो की सचिव प्रियंका सोमानी ने बताया कि दर्शकों के मनोरंजन के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। शुक्रवार सायं जयपुर से आने वाला “Dreamer’s Rockstar” बैंड अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांधेगा।
फ्लावर शो 2026 न केवल फूलों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र है, बल्कि यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक मूल्यों और सामूहिक सहभागिता का भी सशक्त संदेश दे रहा है।
उद्घाटन समारोह में राजकुमार बंब, राकेश तिवारी, रजनीकांत आचार्य, सुनील तलेसरा, चंद्रवीर सिंह, मुकेश चेचानी, भूपेंद्र सिंह राणावत, अशोक माहेश्वरी, नवरत्न, अमन सोनी, बालकिशन, हितेष तिवारी, रेखा कोठारी, कुसुम कोगटा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं प्रकृति प्रेमी उपस्थित रहे।
— मोनू सुरेश छीपा


