पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने किया नमन
रामेश्वर सोलंकी के विचारों में झलकी राष्ट्रनिष्ठा, बालमुकुंद तोषनीवाल ने बताए शास्त्रीजी के ऐतिहासिक योगदान
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा | 11 जनवरी
नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुरा द्वारा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की पुण्यतिथि नगर कांग्रेस कार्यालय बालाजी की छतरी पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन नगर कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद तोषनीवाल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें शास्त्री जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिला कांग्रेस महासचिव रामेश्वर सोलंकी ने कहा कि वर्ष 1965 के भारत–पाक युद्ध के दौरान लाल बहादुर शास्त्री जी ने शांत, संयमित और दृढ़ नेतृत्व का परिचय देकर देश की एकता और अखंडता को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का नेतृत्व आज भी राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद तोषनीवाल ने शास्त्री जी के प्रधानमंत्री कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को सैन्य गौरव के साथ-साथ हरित क्रांति और औद्योगीकरण की दिशा भी दी। शास्त्री जी किसानों को देश का अन्नदाता मानते थे और सैनिकों के प्रति उनके मन में विशेष सम्मान था, इसी भावना से उन्होंने देश को “जय जवान, जय किसान” जैसा अमर नारा दिया।
कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य संदीप महावीर जीनगर ने शास्त्री जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्चा गांधीवादी बताया, जिन्होंने सादगीपूर्ण जीवन अपनाकर अपना संपूर्ण जीवन गरीबों और वंचितों की सेवा में समर्पित किया।
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने कहा कि “सरल जीवन, उच्च विचार” को आत्मसात करने वाले शास्त्री जी का व्यक्तित्व आज भी आत्मनिर्भर भारत की प्रेरणा है।
महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति संयोजक अविनाश शर्मा ने बताया कि खाद्य संकट के समय दिया गया “जय जवान, जय किसान” का नारा किसानों और सैनिकों के मनोबल को नई ऊर्जा देने वाला सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश शर्मा, गोविंद राम बिड़ला, मदन सर्वा, केशव सपूत, राकेश लोहार, युवा नेता लोकेश जीनगर, हेमराज सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


