हुरड़ा में नारी चौपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को योजनाओं की दी जानकारी
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 5 जून से 21 जून तक आयोजित किए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत पंचायत समिति हुरड़ा के सभागार भवन में ब्लॉक स्तरीय नारी चौपाल-नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग की हुरड़ा ब्लॉक परिरक्षक सुनीता चौधरी ने महिलाओं को विभागीय योजनाओं एवं उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। पंचायत समिति हुरड़ा के प्रधान कृष्ण कुमार राठौड़ ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हुरड़ा मंडल अध्यक्ष हेमराज चौधरी, गुलाबपुरा मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, प्रधान कृष्ण कुमार राठौड़, महामंत्री पीयूष मेवाड़ा, विकास अधिकारी मधुसूदन रत्नू, बाल विकास परियोजना अधिकारी चैन सोनवाल सहित जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिकाएं, राजीविका समूह की महिलाएं एवं ग्राम साथिनें उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही मेडिकल टीम द्वारा महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। वक्ताओं ने महिलाओं से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा स्वयं जागरूक होकर अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
— मोनू सुरेश छीपा
संपादक, द वॉयस ऑफ राजस्थान
