प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने किया शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण
आमजन को वितरित किए पट्टे, एनओसी, निर्माण स्वीकृति पत्र, निक्षय पोषण किट एवं इंडक्शन चूल्हे
गुलाबपुरा, 18 जून (रामकिशन वैष्णव)। राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव एवं जिला प्रभारी श्रीमती मंजू राजपाल तथा जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने गुरुवार को उपखंड क्षेत्र गुलाबपुरा में आयोजित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण किया।
प्रमुख शासन सचिव ने स्थानीय नगरपालिका क्षेत्र में आयोजित शहरी सेवा शिविर एवं ग्राम गागेड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन करते हुए आमजन से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती राजपाल ने पात्र लाभार्थियों को पट्टे, एनओसी एवं निर्माण स्वीकृति पत्र वितरित किए। साथ ही सौर ऊर्जा योजना से जुड़े लाभार्थियों को इंडक्शन चूल्हे तथा क्षय रोग उन्मूलन अभियान के तहत निक्षय पोषण किट प्रदान कर योजनाओं के लाभ आमजन तक पहुंचाए।
प्रभारी सचिव ने जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के साथ शिविरों में प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों एवं शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ शीघ्रता से प्राप्त हो सके।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान नागरिकों ने बरसाती पानी की निकासी, नाला निर्माण सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं से प्रभारी सचिव को अवगत कराया। इस पर श्रीमती राजपाल ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी दिव्यराज सिंह, तहसीलदार रविंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी तेजभान मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान
