कोठिया ग्रामीण सेवा शिविर में विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
जनकल्याण योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : डॉ. बैरवा
कोठिया, 18 जून 2026। ग्राम पंचायत कोठिया में आयोजित जन कल्याण ग्रामीण सेवा शिविर 2026 में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सहभागिता कर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत, सड़क, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राजस्व मामलों एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। डॉ. बैरवा ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का निराकरण करने तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित 12 वर्षों की उपलब्धियों तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी संपन्न की। ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अभिषेक कलाल, तहसीलदार रामदेव धाकड़, बीडीओ प्रकाशचंद स्वर्णकार, मनोज माली, हेमराज गुर्जर, महावीर बलाई, सरपंच ओमप्रकाश, नेताराम माली, रामगोपाल चौधरी, गोपाल माली, गोपाल दरोगा, अविनाश गांधी, महावीर पाटनी, रामलाल बैरवा, सांवर बैरवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
✍️ मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान
