श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस पर विशाल छबील एवं अटूट लंगर सेवा का आयोजन
मानवता, सेवा और त्याग के संदेश के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया गुरु का प्रसाद
गुलाबपुरा, 18 जून (रामकिशन वैष्णव)। सिख पंथ के पांचवें गुरु, शहीदों के सरताज, श्री गुरु ग्रंथ साहिब के प्रथम संकलनकर्ता एवं मानवता, सेवा, सहनशीलता और त्याग के प्रतीक धन-धन श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के पावन शहीदी दिवस पर ट्रस्ट श्री गुरु सिंह सभा बिजयनगर के तत्वावधान में पीपली चौराहा स्थित होटल गंगा के सामने गुरु नानक साइकिल स्टोर पर विशाल छबील एवं अटूट लंगर सेवा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके महान बलिदान को नमन किया तथा मानव सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित सेवा कार्य में सुबह से देर शाम तक राहगीरों, वाहन चालकों, व्यापारियों एवं आमजन को ठंडा मीठा शरबत (छबील), मिल्क रोज, छोले-पूरी, नमकीन पुलाव चावल सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद वितरित किए गए। सैकड़ों लोगों ने गुरु घर के प्रसाद का लाभ प्राप्त किया।
ट्रस्ट श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार गुरुभेज सिंह टुटेजा ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज का शहीदी दिवस केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सत्य, त्याग, सेवा और मानवता के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणा का दिवस है। उन्होंने बताया कि मुगल शासनकाल में गुरु साहिब ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहन कीं, लेकिन अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।
उन्होंने कहा कि तपते तवे पर बैठाने और उबलती रेत डालने जैसी कठोर यातनाओं के बावजूद गुरु साहिब के मुख से केवल “तेरा किया मीठा लागे” का ही स्वर निकला, जो उनकी अद्भुत सहनशीलता, ईश्वर के प्रति अटूट आस्था और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
गुरुभेज सिंह टुटेजा ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी महाराज ने सेवा, परोपकार, भाईचारे और सभी धर्मों के सम्मान का संदेश दिया। आज के समय में उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। छबील एवं लंगर सेवा का उद्देश्य केवल प्रसाद वितरण नहीं, बल्कि गुरु साहिब की शिक्षाओं को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि प्रेम, सद्भाव और मानव सेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। युवा, बुजुर्ग एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्य में भाग लिया और पूरे आयोजन को सफल बनाया। आयोजन स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मानपूर्वक स्वागत कर गुरु का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर अमृतवेला ट्रस्ट सेवादार नंदलाल तीर्थवानी, ट्रस्ट श्री गुरु सिंह सभा के संरक्षक हरगोविंद सिंह टुटेजा, प्रधान गुरुभेज सिंह टुटेजा, महाकाल ग्रुप अध्यक्ष कुलदीप सिंह शेखावत, उपप्रधान जगजीत सिंह टुटेजा, कोषाध्यक्ष दिलप्रीत सिंह टुटेजा, सचिव गगनदीप सिंह टुटेजा, गुरप्रीत सिंह टुटेजा, हरमीत सिंह टुटेजा, पत्रकार तरनदीप सिंह टुटेजा, मनदीप सिंह, राजेंद्र चौधरी, अगम सिंह टुटेजा, सुरेंद्र सिंह टुटेजा, सुमन सिंह चौहान, रामस्वरूप दाधीच, आलोक पवार, राजवीर सिंह राठौड़, संदेश मेवाड़ा दाधीच, कमलेश कुमार सुरोलिया, रवि राजपुरोहित, सौरव राजपुरोहित, नवप्रीत कौर, तन्मय सिंह टुटेजा, रजत कुमावत, जोगिंदर सिंह जोधा, बलविंदर सिंह जोधा, मनजीत सिंह कसाना, तारा सिंह मसूदा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी महाराज का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका बलिदान अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, मानव सेवा और समाज में प्रेम, एकता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है। शहीदी दिवस पर आयोजित यह सेवा कार्य उसी महान परंपरा का जीवंत उदाहरण रहा।
— मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान
