500 तुलसी पौधों के वितरण का संकल्प, पालड़ी से होगा अभियान का शुभारंभ
वनवासी कल्याण परिषद भीलवाड़ा इकाई जुलाई माह में ग्रामीण क्षेत्रों में करेगी तुलसी पौधों का वितरण
मोनू सुरेश छीपा
भीलवाड़ा, 3 जुलाई 2026।
वनवासी कल्याण परिषद, भीलवाड़ा इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संवर्धन के उद्देश्य से 500 तुलसी पौधों के वितरण का संकल्प लिया गया है। इस अभियान की शुरुआत 5 जुलाई 2026 (रविवार) को सुबह 7 बजे पालड़ी गांव स्थित बालाजी मंदिर से की जाएगी।
प्रांत नगरीय प्रमुख रामप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि अभियान के तहत सबसे पहले पालड़ी गांव में तुलसी पौधों का वितरण किया जाएगा। इसके बाद जुलाई माह के दौरान इंद्रपुरा, आर्जिया, गोविंदपुरा, तेलीखेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पौधों का वितरण किया जाएगा।
वनवासी कल्याण परिषद के जिला उपाध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि तुलसी का पौधा हिंदू संस्कृति में अत्यंत पवित्र माना जाता है। पुराणों और शास्त्रों में इसका विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व बताया गया है। इसके साथ ही तुलसी औषधीय गुणों से भरपूर होने के कारण स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी है। इसी उद्देश्य से परिषद द्वारा अधिक से अधिक परिवारों तक तुलसी का पौधा पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।
