उदयपुर राज्य स्तरीय सब जूनियर तैराकी प्रतियोगिता: आराध्या व्यास ने स्वर्ण जीतकर भीलवाड़ा का खाता खोला, पहले दिन कई पदक किए नाम
मोनू सुरेश छीपा
उदयपुर/भीलवाड़ा, 4 जुलाई। उदयपुर के महाराणा प्रताप खेल गांव स्थित तरणताल में 3 से 5 जुलाई तक आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर तैराकी प्रतियोगिता के पहले दिन भीलवाड़ा के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण एवं कई कांस्य पदक अपने नाम किए।
भीलवाड़ा के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि बालिका वर्ग-3 में आराध्या व्यास ने 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर हासिल की। आराध्या के स्वर्ण पदक के साथ ही प्रतियोगिता में भीलवाड़ा का पदक खाता खुला।
इसके अलावा बालक वर्ग-4 में अकील खान कायमखानी ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। 100 मीटर बैक स्ट्रोक में वैभव माली ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया।
टीम स्पर्धाओं में भी भीलवाड़ा के तैराकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 4×100 मीटर मेडले रिले में विश्व प्रताप सिंह, वैभव, पराग एवं आसाराम की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं बालिका वर्ग-4 की 4×50 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम में कल्पना, सुयश गुर्जर, शावना राणावत एवं अक्षिता माली ने शानदार प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में विश्व प्रताप सिंह, पराग, अभिज्ञान एवं निकुंज गौड़ की टीम ने कांस्य पदक जीतकर भीलवाड़ा का गौरव बढ़ाया।
भीलवाड़ा तैराकी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश बुलिया ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले में खुशी का माहौल है तथा आगामी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
