मानसून से पहले नगर पालिका का विशेष अभियान, तहनाल गेट क्षेत्र में सुधारी जल निकासी, तालाबों के आसपास हटाया कचरा
मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा, 4 जुलाई। आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिका शाहपुरा ने शहर में विशेष स्वच्छता एवं जल संरक्षण अभियान चलाते हुए तहनाल गेट स्थित राजकीय विद्यालय के पास जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया। साथ ही तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों के आसपास जमा कचरा, गंदगी और गंदे पानी की व्यापक सफाई कराकर वर्षा ऋतु से पहले शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रकाश चंद्र तेली ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करना तथा तालाबों और अन्य जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाकर स्वच्छ बनाए रखना है। इसी क्रम में तहनाल गेट क्षेत्र में जल निकासी को सुचारु किया गया और आसपास फैली गंदगी व कचरे को हटाकर पूरे क्षेत्र की सफाई कराई गई।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल स्रोत पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आमजन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। इसी सोच के साथ नगर पालिका लगातार विशेष सफाई अभियान संचालित कर रही है।
इस अभियान में जमादार विकास गुसर सहित नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अधिशासी अधिकारी ने सभी संबंधित जमादारों एवं सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान शहर के तालाबों, नालों एवं अन्य जल स्रोतों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरे वर्ष स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
