अपना घर वृद्धाश्रम में निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित, 66 मरीजों की हुई जांच
श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति एवं स्पर्श हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन, ऑपरेशन के लिए मरीजों का चयन
भीलवाड़ा, 5 जुलाई। श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति, भीलवाड़ा एवं स्पर्श हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अपना घर वृद्धाश्रम में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 66 नेत्र रोगियों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
समिति के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि नेत्र विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा हेडा ने विभिन्न गांवों से आए मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें उपचार संबंधी परामर्श दिया। जांच के दौरान आवश्यकता अनुसार कई मरीजों का मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र ऑपरेशन के लिए चयन भी किया गया।
उन्होंने बताया कि शिविर में नेत्र जांच, ऑपरेशन, आवास एवं भोजन की समस्त व्यवस्था मरीजों के लिए पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
शिविर में समिति अध्यक्ष उदयलाल समदानी, जे.के. मित्तल, दयाशंकर शुक्ला, अरुण जागेटिया, रामनारायण सोमानी, शांत सोमानी, लादूलाल माली, घनश्याम डाड सहित समिति के सदस्यों ने सेवाएं प्रदान कर आयोजन को सफल बनाया।
— मोनू सुरेश छीपा
