भाजपाई ने विधायक सांखला के नेतृत्व में सुना प्रधानमंत्री मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम।
====
गुलाबपुरा
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 127वें एपिसोड का प्रसारण देशभर में उत्साह के साथ सुना गया। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी गुलाबपुरा मंडल के कार्यकर्ताओं ने भी विधायक जब्बर सिंह सांखला के नेतृत्व में इस कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, युवा मोर्चा सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री मोदी के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह राठौड़ ने बताया कि “मन की बात” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को विविध विषयों पर प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने छठ महापर्व की चर्चा से की। प्रधानमंत्री ने कहा कि छठ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक एकता और लोक आस्था का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया कि यदि अवसर मिले तो एक बार छठ उत्सव में अवश्य भाग लें और इस पर्व की अद्भुत ऊर्जा का अनुभव करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि भारत की परंपराओं में त्योहार सदैव सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भरता का संदेश देते आए हैं। उन्होंने पिछली बार की तरह इस बार भी लोगों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। विधायक जब्बर सिंह सांखला ने कार्यक्रम के उपरांत कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का “मन की बात” न केवल एक संवाद है बल्कि यह राष्ट्र निर्माण के विचारों का सतत प्रवाह है। प्रधानमंत्री द्वारा आज के कार्यक्रम में “लौह पुरुष” सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का स्मरण कराना हम सभी के लिए प्रेरणास्पद है। प्रधानमंत्री मोदी के विचार हमें न केवल प्रेरित करते हैं, बल्कि देश सेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और अधिक दृढ़ बनाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे। इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष हनुवंत सिंह राठौड़, भाजयुमो जिला मंत्री पीयूष मेवाड़ा, नगर संयोजक कृष्णगोपाल त्रिपाठी, मन की बात सहसंयोजक अरिहंत जैन, विकास आचार्य, मनोज सिंह, किरण सिंह, विजय सिंह पंवार, गुलजार जोन सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शहर के सभी वार्डों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा “मन की बात” कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण आयोजन किया गया।
भाजपाई ने विधायक सांखला के नेतृत्व में सुना प्रधानमंत्री मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम।
Leave a comment
Leave a comment


