बलिदान दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र प्रथम की भावना को बताया प्रेरणास्रोत
मोनू सुरेश छीपा | द वॉयस ऑफ राजस्थान
भीलवाड़ा, 23 जून। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में भाजपा जिला कार्यालय, भीलवाड़ा में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक श्रवण सिंह राव मुख्य अतिथि, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा अध्यक्ष तथा पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, विधायक उदयलाल भड़ाना, पूर्व महापौर राकेश पाठक एवं वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया।
मुख्य वक्ता श्रवण सिंह राव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अलग व्यवस्था के विरोध में “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का ऐतिहासिक नारा दिया और देश की एकता एवं अखंडता के लिए संघर्ष किया। राव ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने प्राणों का बलिदान देने वाले डॉ. मुखर्जी का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने देश के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को आगे बढ़ाया तथा राष्ट्रीय विचारधारा को सशक्त करने के उद्देश्य से वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा का जीवन आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि डॉ. मुखर्जी की जयंती 6 जुलाई तक जिले के सभी बूथों पर पौधारोपण कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम में अभियान जिला संयोजक भरत सिंह राठौड़ ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी ने किया तथा आभार अभियान सह संयोजक यशोवर्धन सेन ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, जगदीश गुर्जर, शुभम शर्मा, गोपाल तेली, कल्पेश चौधरी, आरती कोगटा, ललिता कंवर, ललित अग्रवाल, अंकुर बोरदिया, मनोज बुलानी, शशांक बिड़ला, अभिश्रुता सोलंकी, रागिनी गुप्ता, बाबूलाल आचार्य, महेंद्र नायक, शंकरलाल जाट सांगवा, भगवत सिंह खैराबाद, घनश्याम सिंगिवाल, इमरान कायमखानी, नागेंद्र सिंह, मुकेश सोनी, ऋतुशेखर शर्मा, नंदलाल गुर्जर, आजाद शर्मा, सीपी जोशी, अर्पित समदानी, रेखा परिहार, ज्योति आशीर्वाद सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
