📰 कोली समाज का दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम सम्पन्न — सामाजिक एकता और शिक्षा पर दिया जोर
संगठन की मजबूती और समाज के सर्वांगीण विकास का लिया संकल्प
मोनू एस. छीपा | द वॉयस ऑफ राजस्थान
अजमेर। सकल कोली कोरी समाज संघ (रजि०) द्वारा दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन अजमेर स्थित पूर्व मंत्री स्व. ललित भाटी के कार्यालय पर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष कौस्तुभ सिंह भाटी ने की, जबकि प्रदेश अध्यक्ष कंपाउंडर कैलाश कोली ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्व. ललित भाटी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद आए हुए सभी महानुभावों का पारंपरिक रीति से तिलक, दुपट्टा ओढ़ाकर एवं मुँह मीठा कराकर स्वागत-सत्कार किया गया।
अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष कौस्तुभ सिंह भाटी ने कहा कि “आज समाज को संगठित होकर हर क्षेत्र में अपनी ताकत बढ़ानी होगी। विशेषकर राजनीति के क्षेत्र में समाज को अपनी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उसका लाभ मिल सके।” उन्होंने कहा कि संगठन समाज की एकता और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष कंपाउंडर कैलाश कोली ने अपने संबोधन में कहा कि “किसी भी समाज की प्रगति का मूल आधार शिक्षा होती है। हमें समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और अशिक्षा को दूर कर शिक्षा के प्रति जागरूकता लानी होगी, तभी वास्तविक विकास संभव है।”
कार्यक्रम में श्री कोली राजपूत हितकारिणी महासभा अध्यक्ष, श्रीमती हेमनंदिनी, रामनारायण, चक्रपाणि जी, मदन सिंह, दुर्गा सिंह, सुरेन्द्र कुमार, मूलचंद महावर, राजेश कोली, कुलदीप, उमेश कुमार, खेमचंद, भंवरलाल और सोहनलाल कोली सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
इस स्नेह मिलन कार्यक्रम में जयपुर, अलवर, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, दौसा, शाहपुरा, केकड़ी, सावर, देवगांव, जूनियां, बघेरा, जहाजपुर, बूंदी सहित विभिन्न जिलों से राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों और सैकड़ों समाजबंधुओं ने भाग लिया। सभी उपस्थितजनों ने समाज की एकता, शिक्षा और विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में स्नेह भोज का आयोजन किया गया। मंच संचालन का दायित्व प्रदेश अध्यक्ष कंपाउंडर कैलाश कोली ने कुशलता से निभाया।




