📰 भीलवाड़ा समाचार | द वॉयस ऑफ राजस्थान
दिनांक – 28 अक्टूबर 2025, भीलवाड़ा
सालरा गांव (वार्ड 56) में मोक्ष धाम और विश्राम गृह की कमी से अंतिम संस्कार में हो रही दिक्कतें, ग्रामीणों ने की प्रशासन से शीघ्र निर्माण की मांग
✍️ *मोनू एस.छीपा । द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 56 स्थित सालरा गांव में मोक्ष धाम और विश्राम गृह की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के समय भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के बीच हुई एक अंतिम यात्रा ने क्षेत्र की इस समस्या को फिर उजागर कर दिया है।
गांव निवासी गोपाल सेन की माताश्री नानी देवी के निधन के बाद मंगलवार को जब ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए मोक्ष धाम स्थल पहुंचे, तो वहां चारों ओर कांटेदार झाड़ियां और अंग्रेजी बबूल फैले हुए थे। ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर कुल्हाड़ियों से स्थल की सफाई की, तब जाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
ग्रामीण बद्रीलाल जाट ने बताया कि “गांव में मोक्ष धाम और विश्राम गृह का अभाव वर्षों से बना हुआ है। बारिश के दौरान लकड़ियाँ गीली हो जाती हैं, टिन शेड नहीं होने से इंतजार करना पड़ता है, और विश्राम स्थल न होने से लोग भीगकर बीमार पड़ जाते हैं।”
ग्रामवासियों ने बताया कि प्रशासन की ओर से विकास योजनाओं में अन्य क्षेत्रों की तरह सालरा को अब तक प्राथमिकता नहीं दी गई है। ग्रामीणों ने विधायक अशोक कोठारी और नगर निगम मेयर राकेश पाठक से मांग की है कि “शीघ्र मोक्ष धाम और विश्राम गृह का निर्माण करवाया जाए।”
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मांग जल्द नहीं मानी गई तो वे विरोध स्वरूप अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे, जिसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि स्वयं जिम्मेदार होंगे।
📸 फोटो: सालरा गांव में बारिश के बीच झाड़ियों से घिरे मोक्ष धाम स्थल पर अंतिम संस्कार करते ग्रामीण।
✍️ रिपोर्ट – मोनू एस. छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान



