श्री पंचमुखी हनुमान दरबार में भव्य श्रृंगार और संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन
भक्ति, संगीत और श्रद्धा के वातावरण में गूंजे हनुमान जयकारे
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। शहर के जनकपुरी कॉलोनी वार्ड नंबर 9 स्थित श्री पंचमुखी हनुमान दरबार मंदिर में मंगलवार को भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर श्री पंचमुखी हनुमान जी महाराज का पंचामृत एवं गोमूत्र से अभिषेक कर भव्य श्रृंगार और नवीन चोला अर्पित किया गया।
भक्ति पहलवान सिंह ने बताया कि मंदिर में भक्तों की मनोकामनाएं केवल एक नारियल और चोला अर्पित करने से पूर्ण होती हैं। मंगलवार और शनिवार को मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
पंडित गोपाल लाल तिवारी के सान्निध्य में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें पूरे वातावरण में “जय हनुमान” के जयकारों की गूंज सुनाई दी। पाठ और अभिषेक के उपरांत लड्डू प्रसाद का भोग लगाया गया तथा महा आरती कर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर सत्यनारायण तिवारी, पहलवान सिंह, गोपाल सिंह राठौड़, चेतन पूरी, कालू सिंह, कालू रावत, पहलाद सिंह, महावीर गर्ग, योगेश नागर, गब्बर सिंह, राहुल सिंह, शेर सिंह, श्याम सुंदर जांगिड़, पीरू शर्मा सहित अनेक महिलाएं और वार्डवासी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर हनुमान जी महाराज से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, संगीत और श्रद्धा की अनोखी छटा बिखरी रही। कार्यक्रम के समापन पर पंडित गोपाल लाल तिवारी का भक्तों द्वारा सम्मान एवं स्वागत किया गया।


