रक्त की सख्त जरूरत पर दौड़े पत्रकार, बचाई महिला की जान — इंसानियत की मिसाल पेश की
केकड़ी के पत्रकारों ने किया रक्तदान, समाज में बढ़ाया मानवता का सम्मान
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
राजकीय जिला चिकित्सालय, केकड़ी में अचानक एक महिला मरीज को रक्त की अत्यंत आवश्यकता पड़ गई। परिजन परेशान थे, हर पल कीमती साबित हो रहा था। तभी पत्रकार बालमुकुंद वैष्णव को यह जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत अपने साथी पत्रकारों से मदद की अपील की।
कॉल मिलते ही पंजाब केसरी के पत्रकार गोविंद वैष्णव और दूरदर्शन के पत्रकार पवन टेलर बिना देर किए अस्पताल पहुंचे और रक्तदान कर महिला की जान बचाई। इस संवेदनशील कार्य ने पत्रकारिता का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ मानवता की मिसाल कायम की।
जानकारी के अनुसार, गोविंद वैष्णव ने अपने जीवन का 19वां रक्तदान किया, जबकि पवन टेलर ने पांचवीं बार रक्तदान किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे संवेदनशील लोग ही समाज में उम्मीद की किरण जगाते हैं। खबरें लिखना एक जिम्मेदारी है, पर ज़रूरत पड़ने पर जीवन बचाना सबसे बड़ा धर्म है।
इसी क्रम में, अपनी पत्नी को दिखाने आए सरवाड़ निवासी नफीस मोहम्मद ने भी मानवता को सर्वोपरि मानते हुए रक्तदान किया। उनकी पत्नी ने भी इस नेक कार्य के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं केकड़ी निवासी पूजा कंवर ने भी अपनी सहेली के साथ रक्तदान कर पुण्य कार्य में योगदान दिया।
गोपाष्टमी के अवसर पर जब लोग गौपूजन व दान-पुण्य में लगे थे, तब इन युवाओं ने मानवता की सेवा को सबसे बड़ा धर्म मानते हुए जरूरतमंद की जान बचाने का कार्य किया।
अस्पताल प्रशासन ने भी सभी रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज में युवाओं और महिलाओं में रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता प्रेरणादायक है।


