
गोपाष्टमी पर्व पर माहेश्वरी महिला संगठन शाहपुरा ने किया गौ पूजन
पशुपतिनाथ गौशाला में हुआ भक्ति और सेवा का अनोखा संगम, महिलाओं ने ओढ़नी ओढ़ाई, गुड़-चारा खिलाकर गौमाता का आशीर्वाद लिया
शाहपुरा (मोनू एस. छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान)।
भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा
तहसील माहेश्वरी महिला संगठन शाहपुरा की ओर से गोपाष्टमी पर्व गुरुवार को पशुपतिनाथ गौशाला शाहपुरा में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व तहसील अध्यक्ष सुभद्रा हेड़ा एवं मंत्री विनीता अजमेरा ने किया। आयोजन की शुरुआत गौमाता की पूजा-अर्चना, आरती और ओढ़नी ओढ़ाने की रस्म से हुई। महिलाओं ने विधि-विधानपूर्वक गौ पूजन किया और गौमाता को गुड़ व हरा चारा खिलाया। साथ ही बांटे के कट्टे डलवाकर गौ सेवा में अपना योगदान दिया।
संगठन की पदाधिकारी सुभद्रा हेड़ा ने बताया कि “गोपाष्टमी का पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि यह हमें गौसंवर्धन और सेवा का संदेश देता है।” वहीं मंत्री विनीता अजमेरा ने कहा कि “गौमाता हमारी संस्कृति की आधारशिला हैं, उनकी सेवा करना प्रत्येक मानव का नैतिक दायित्व है।”
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं में सुनीता मणिहार, शशि बांगड़, चंदा डोडिया, विमला मारू, मधु मारू, कंचन मुंदड़ा, सरिता दाखेड़ा, संजू झंवर, शकुंतला बंग, लाड़ झंवर, दिलखुश काबरा, सीमा मूंदड़ा, शीतल काबरा, पुष्पा मणिहार, पिंकी सोमाणी, आशा लड्ढा, निर्मला सहित अनेक कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।
गोपाष्टमी के इस आयोजन में गौ सेवा और महिला शक्ति का समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान गौशाला परिसर में भक्ति भावना से भरे भजन और आरती के स्वर गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो गया।
अंत में संगठन की सभी सदस्याओं ने गौशाला प्रबंधन का आभार जताया और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।


