📰
5 नवंबर से निशुल्क नेत्र परामर्श एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का होगा आयोजन
श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति और अंधता निवारण सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय शिविर, डॉ. कृष्णा हेडा करेंगी जांच
– द वॉयस ऑफ राजस्थान
(संवाददाता: मोनू एस. छीपा)
भीलवाड़ा, 4 नवंबर (द वॉयस ऑफ राजस्थान):
श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति, भीलवाड़ा तथा अंधता निवारण सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय निशुल्क नेत्र परामर्श एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ 5 नवंबर, मंगलवार को प्रातः 10 बजे आर.सी. व्यास कॉलोनी स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में किया जाएगा।
समिति के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि इस शिविर में प्रसिद्ध फेको सर्जन डॉ. कृष्णा हेडा (DNB) द्वारा नेत्र रोगियों की शुगर एवं ब्लड प्रेशर की निशुल्क जांच की जाएगी। जांच के दौरान नेत्र रोगियों की आंखों में दवाई डालकर ऑपरेशन योग्य मरीजों का चयन किया जाएगा।
चयनित मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन 5 नवंबर को स्पर्श हॉस्पिटल में किए जाएंगे। इसके साथ ही 6 नवंबर को रोगियों को निशुल्क दवाइयां एवं काले चश्मे वितरित किए जाएंगे, जबकि 7 नवंबर को उनकी पुनः जांच (फॉलो-अप) की जाएगी।
इस शिविर का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को नेत्र संबंधी रोगों से राहत एवं दृष्टि संरक्षण प्रदान करना है।
– द वॉयस ऑफ राजस्थान
(संवाददाता: मोनू एस. छीपा)


