📰 राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से श्रद्धांजलि एवं प्रेरणास्पद उद्बोधन कार्यक्रम सम्पन्न
बनेड़ा ((KK Bhandari))✍️
राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एल. मीणा की अध्यक्षता में भगवान बिरसा मुंडा जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर पूरा वातावरण श्रद्धा और प्रेरणा से ओतप्रोत हो उठा।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार देसाई ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा जी के जीवन मूल्यों और संघर्षशील व्यक्तित्व से प्रेरणा देना है। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उनके जीवन आदर्शों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
संकाय सदस्य सुबोध कुमार शर्मा ने बिरसा मुंडा जी के स्वतंत्रता संग्राम एवं जनजातीय जागरण में दिए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. के.एल. मीणा ने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा जी न केवल आदिवासी समाज के महान नायक थे, बल्कि उन्होंने समूचे भारत को आत्मसम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी।” उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने भगवान बिरसा मुंडा जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारीगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


