सत्य, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है गुरु नानक देव जी को — विधायक अशोक कोठारी
“गुरु नानक देव जी ने 28 हजार किलोमीटर की यात्रा कर पूरी मानवता को दिया प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश”
✍️ *मोनू एस.छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा, 5 नवंबर।
शहर विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलकर सत्य, सेवा और मानवता को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
विधायक कोठारी बुधवार सुबह सिंधुनगर स्थित गुरुद्वारा प्रांगण में आयोजित 556वें प्रकाश पर्व कार्यक्रम में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद संगत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कीर्तन और संगत में धर्मलाभ लेने के पश्चात उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन में सत्संग, सेवा और सच्चाई को सर्वोपरि बताया।
कोठारी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने 14 वर्षों में 28 हजार किलोमीटर की यात्राएं कर मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश सम्पूर्ण विश्व में फैलाया। उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी समाज को प्रेम, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
विधायक ने कहा —
“सत्य और ईमानदारी से अर्जित धन का कुछ अंश प्रभु सेवा में लगाना चाहिए, क्योंकि सेवा ही मनुष्य को परमात्मा से जोड़ती है।”
इस अवसर पर विधायक कोठारी ने उपस्थित सिख समाज को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव ही राष्ट्र की सच्ची शक्ति है।
गुरुद्वारा गुरु नानक सभा सिंधुनगर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष इंद्रपाल सोनी व कमेटी सदस्यों ने विधायक अशोक कोठारी का स्वागत-अभिनंदन किया।
समारोह में मनोज जी भाई साहब, विवेक निमावत (शिक्षाविद्), बाबूलाल टाक, सत्यनारायण गूगड़, कमल कोठारी, दिनेश सुथार, करण सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
✨ “गुरु नानक देव जी के सिद्धांत – ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ को अपनाना ही सच्चा प्रकाश है जो जीवन को आलोकित करता है।” ✨


