🕊️ वैष्णव ब्राह्मण समाज का द्वितीय आदर्श निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आज — 17 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में
रामस्नेही वाटिका पुष्कर में होगा आयोजन, वासुदेव देवनानी, भागीरथ चौधरी, सुरेश सिंह रावत सहित कई विशिष्ट अतिथि रहेंगे उपस्थित
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
अजमेर रोड, पुष्कर स्थित रामस्नेही वाटिका में शनिवार को वैष्णव ब्राह्मण सेवा समिति, अजमेर संभाग के तत्वावधान में द्वितीय आदर्श निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य समारोह में 17 जोड़े समाज की परंपरागत वैदिक रीति-रिवाजों और हिन्दू विवाह संस्कारों के अनुसार परिणय सूत्र में बंधेंगे।
समिति अध्यक्ष विशंभर सावंतसर, संयोजक रामस्वरूप सराधना और नाथूलाल जाटली ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 10 बजे ध्वजारोहण, विनायक स्थापना और कलश यात्रा का आयोजन गाजे-बाजे के साथ किया गया। साथ ही महिला संगीत कार्यक्रम ने माहौल को उल्लासमय बना दिया।
शनिवार को प्रातः 8 बजे वर-वधु की बिंन्दोरी (शोभा यात्रा) निकाली जाएगी। उसके पश्चात 9:30 बजे तोरण व वरमाला, 9:40 बजे पाणिग्रहण संस्कार और 11:00 बजे से आशीर्वाद समारोह का आयोजन होगा।
समिति प्रवक्ता परमेश्वर बैरागी ने बताया कि आशीर्वाद समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, तथा पूर्व मंत्री एवं अजमेर विधायक श्रीमती अनीता भदेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सादगीपूर्ण विवाह संस्कार को प्रोत्साहित करना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामूहिक विवाह के माध्यम से सहयोग प्रदान करना है।


