माहेश्वरी महिला मंडल, शाहपुरा के चुनाव सम्पन्न — दिलखुश काबरा बनीं अध्यक्ष, संजू देवी झंवर निर्विरोध मंत्री निर्वाचित
निर्विरोध निर्वाचन पर समाजजनों ने मिठाई बांटकर मनाया जश्न
शाहपुरा (मोनू सुरेश छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान)।
भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा में शनिवार को माहेश्वरी महिला मंडल शाहपुरा के चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद हेतु दिलखुश काबरा एवं मंत्री पद हेतु संजू देवी झंवर ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
निर्धारित समयावधि में अन्य कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं होने पर चुनाव अधिकारी पवन कुमार बांगड़ ने नियमों के अनुसार अध्यक्ष पद पर दिलखुश काबरा तथा मंत्री पद पर संजू देवी झंवर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
दोनों पदाधिकारियों के निर्विरोध चुने जाने की घोषणा होते ही माहेश्वरी समाज के सदस्यों में हर्ष की लहर दौड़ गई। समाजजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और नव निर्वाचित पदाधिकारियों को उनके सफल कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
समाज के वरिष्ठजन एवं कार्यकर्ताओं ने बताया कि नई कार्यकारिणी समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों को नई दिशा देगी।
समाजजनों ने दोनों नव निर्वाचित पदाधिकारियों के प्रति विश्वास जताते हुए मंडल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


