मातृकुंडिया बांध के 6 गेट आज रात्रि 9 बजे डेढ़-डेढ़ फीट खोले जाएंगे
जल संसाधन विभाग ने जारी किया अलर्ट — बनास नदी में तेज प्रवाह की चेतावनी, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
राशमी (चित्तौड़गढ़) / संवाददाता सत्यनारायण सेन, गुरला।
उपखंड क्षेत्र के मातृकुंडिया बांध से प्रभावित किसानों को राहत देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा गठित कमेटी की हाल ही में उदयपुर में हुई बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस बैठक में कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर और राजसमंद विधायक दिप्ती माहेश्वरी की पहल पर अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद यह निर्णय हुआ कि बांध का जलस्तर घटाने (लेवल डाउन) के लिए नियंत्रित रूप से पानी छोड़ा जाएगा।
निर्णय के अनुसार, आज 8 नवंबर, शनिवार रात्रि 9 बजे मातृकुंडिया बांध के 6 गेट डेढ़-डेढ़ फीट तक खोले जाएंगे।
जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता धीरज बेनीवाल ने बताया कि गेट खुलने के बाद बनास नदी में पानी का तेज प्रवाह रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि —
“रात्रि के समय बनास नदी के प्रवाह क्षेत्र में कोई गतिविधि न करें।
नदी के किनारों या रपटों के पास न जाएं।
पानी का बहाव अप्रत्याशित रूप से बढ़ सकता है, जिससे कोई भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।”
विभाग ने विशेषकर बच्चों और पशुपालकों से अनुरोध किया है कि वे नदी तट से दूर रहें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
👉 प्रशासन द्वारा सभी संबंधित गांवों में मुनादी और अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।


