श्री अखंड देवनारायण भगवान बागथला में होगी द्वितीय विशाल हरिबोल प्रभात फेरी — आस्था और भक्ति का होगा अद्भुत संगम
15 नवम्बर, शनिवार को निकलेगी हरिबोल प्रभात फेरी, श्रीरामलीला मंच पर प्रवचन और महाप्रसादी का होगा आयोजन
फुलियाकलां-शाहपुरा (भीलवाड़ा)।
भगवान श्री देवनारायण जी की कृपा से ग्राम बागथला में भक्तिभाव और हरिनाम संकीर्तन से ओत-प्रोत द्वितीय विशाल हरिबोल प्रभात फेरी का आयोजन दिनांक 15 नवम्बर 2025 (माघसर बदी 11 शनिवार) को होने जा रहा है। यह आयोजन श्री अखंड देवनारायण भगवान बागथला (फुलियाकलां) में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ संपन्न होगा।
कार्यक्रम संयोजक महेंद्र गुर्जर सरपंच (प्रचारक) एवं ग्रामवासियों ने बताया कि यह आयोजन भगवान देवनारायण जी के चरणों में सामूहिक भक्ति अर्पित करने और समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश प्रसारित करने हेतु किया जा रहा है।
प्रभात फेरी प्रातः 7:15 बजे बागथला से आरंभ होकर ग्राम नगर भ्रमण करेगी। इसके पश्चात दोपहर 1:15 बजे से प्रवचन का आयोजन होगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर महंत श्री 1008 श्री हेमराज जी महाराज (तुलसां) के सान्निध्य में संत श्री हेमराज जी पोसालिया, पुजारी श्री माणाराम जी देवनारायण मंदिर बागथला, तथा अनेक संत-महात्मा, साधु-संतों की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण :
- सामूहिक हरिबोल प्रभात फेरी में सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता
- ढोल, नगाड़ों, भगवा पताकाओं और भजन-कीर्तन से गुंजेगा पूरा क्षेत्र
- देव दरबार में भक्तों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती
- समाज के युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी
आयोजक समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि वे परिवार सहित इस धार्मिक महोत्सव में पधारकर भक्ति, आनंद और आशीर्वाद का लाभ प्राप्त करें।


