क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर दो दिन से चल रहा गणेश कॉलोनी का चक्का जाम हुआ समाप्त, विधायक के आश्वासन पर कॉलोनीवासी हुए राज़ी
— 10 से 15 दिन में निकलेगा सीसी रोड का टेंडर, तब तक बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक व वैकल्पिक व्यवस्था लागू
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
शहर की गणेश कॉलोनी में दो दिन से चल रहा चक्का जाम आखिरकार शुक्रवार को समाप्त हो गया। रेलवे लाइन के पास स्थित क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर नाराज़ कॉलोनीवासियों — विशेषकर महिलाओं — ने लगातार दो दिनों तक सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया था।
स्थिति को शांत करने के लिए विधायक जब्बार सिंह सांखला मौके पर पहुंचे और कॉलोनीवासियों से चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 10 से 15 दिनों के भीतर सीसी रोड का टेंडर जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
विधायक ने यह भी कहा कि जब तक नया रोड नहीं बन जाता, तब तक अस्थायी व्यवस्था के तहत बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी तथा छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग और पानी के टैंकर से नियमित छिड़काव की व्यवस्था की जाएगी।
विधायक के इस आश्वासन पर कॉलोनीवासियों ने आभार व्यक्त करते हुए चक्का जाम समाप्त कर दिया। कॉलोनीवासियों ने उम्मीद जताई कि इस बार सड़क निर्माण कार्य तय समय में पूरा किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।


