एक युद्ध नशे के विरुद्ध — “पॉइंट जीरो” फिल्म के पोस्टर का विमोचन
बिजयनगर में देशभक्ति और प्रेरणा से भरपूर फिल्म को लेकर उत्साह, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। देशभक्ति पर आधारित बहुचर्चित फिल्म “पॉइंट जीरो” के पोस्टर विमोचन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वीर सैनिकों की अदम्य गाथा और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से बनाई जा रही इस फिल्म का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देना है।
इसी क्रम में टीम पॉइंट जीरो का स्वागत बिजयनगर स्थित राजस्थान कांग्रेस प्रदेश सचिव नवनीत सिंह टुटेजा के प्रतिष्ठान पर गर्मजोशी से किया गया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद गुरुभेज सिंह टुटेजा ने टीम को स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया। वहीं दिलप्रीत सिंह टुटेजा, हरमीत सिंह टुटेजा, गुरप्रीत सिंह टुटेजा सहित पूरे टुटेजा परिवार ने फिल्म निर्माण टीम को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
टुटेजा परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रेरणादायक फिल्म बिजयनगर में सुपरहिट साबित होगी और साथ ही युवाओं को कला, सिनेमा एवं रचनात्मकता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
फिल्म के निर्माताओं पारस देवी प्रोडक्शन और टीम पॉइंट जीरो ने टुटेजा परिवार के स्नेह एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


