कांग्रेस अब जर्जर इमारत बन चुकी है : हुरड़ा प्रधान राठौड़
भाजपा की मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यशाला संपन्न, राठौड़ के भाजपा में शामिल होने पर स्वागत
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा गुलाबपुरा भाजपा नगर मंडल द्वारा मंगलवार को मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मंडल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मतदाता सूची सुधार, BLO के सहयोग और बूथ स्तर पर संगठन सुदृढ़ीकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान हुरड़ा पंचायत समिति के प्रधान कृष्ण सिंह राठौड़ के भाजपा में शामिल होने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह राठौड़ ने बताया कि पूरे राजस्थान में भाजपा का मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है, जिसके तहत BLO घर-घर जाकर फॉर्म वितरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को हर घर तक पहुँचकर लोगों को फॉर्म भरने में सहायता करनी चाहिए ताकि मतदाता सूची सटीक बने।
ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हेमराज चौधरी ने कहा कि कृष्ण सिंह राठौड़ के भाजपा में शामिल होने से पूरे क्षेत्र में नया उत्साह और जोश पैदा हुआ है। उनके अनुभव और नेतृत्व से हुरड़ा पंचायत समिति व गुलाबपुरा नगरपालिका में भाजपा को मजबूती मिलेगी।
प्रधान कृष्ण सिंह राठौड़ ने कहा, “मैं पिछले 50 वर्षों से कांग्रेस से जुड़ा रहा, लेकिन अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नहीं, कुछ नेताओं की पार्टी बनकर रह गई है। कार्यकर्ताओं का सम्मान समाप्त हो चुका है। कांग्रेस आज उस पुरानी जर्जर इमारत की तरह हो गई है, जिस पर लिखा होता है — ‘इससे दूर रहें’। जनता अब इस पार्टी से दूरी बनाना ही बेहतर समझती है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा की हिंदुत्व की विचारधारा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी योजनाओं से वे गहराई से प्रभावित हुए हैं। भाजपा की संगठन संस्कृति और कार्यकर्ता सम्मान ने उन्हें पार्टी से जोड़ने का कार्य किया है।
राठौड़ ने जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक जब्बर सिंह सांखला और मंडल अध्यक्ष हेमराज चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और साथ दिया।
कार्यक्रम में मनोज तोषनीवाल, पीयूष मेवाड़ा, कृष्णगोपाल त्रिपाठी, कांता सोमानी, राहुल चोरडिया, विजय सिंह पंवार, महेन्द्र सिंह चुण्डावत, रोहित चौधरी, सत्यनारायण तिवाड़ी, विकास आचार्य, अरिहंत जैन, शक्ति सिंह, गोपाल सिंह, प्रेम रेगर, भंवर सिंह हाड़ा, प्रियंका मेघवंशी, सीतपाल वैष्णव, मंगल सिंह, घनश्याम सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


