🚩संघ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का जयपुर प्रवास — उद्योगपतियों और प्रबुद्ध जनों से करेंगे संवाद🚩
चार दिवसीय प्रवास में प्रमुख बैठकों, विमोचन और संबोधन कार्यक्रमों में लेंगे भाग
जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत आगामी 13 से 16 नवंबर तक राजस्थान प्रवास पर रहेंगे। अपने चार दिवसीय प्रवास के दौरान वे उद्योगपतियों, प्रबुद्ध जनों तथा संघ पदाधिकारियों के साथ संवाद और बैठकें करेंगे।
संघ सूत्रों के अनुसार, 13 नवंबर को डॉ. भागवत जयपुर प्रांत, जोधपुर प्रांत और चित्तौड़गढ़ प्रांत से जुड़े करीब 250 प्रमुख उद्योगपतियों के साथ संवाद करेंगे। वहीं 14 नवंबर को प्रबुद्ध जनों से संवाद कार्यक्रम निर्धारित है। इन बैठकों का उद्देश्य संघ के सामाजिक समरसता कार्यक्रम और शताब्दी वर्ष के आयोजनों से संबंधित विचार-विमर्श करना बताया गया है।
संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल ने बताया कि डॉ. भागवत 12 नवंबर की रात्रि को जयपुर पहुंचेंगे। प्रवास के दौरान वे क्षेत्रीय प्रचारक, तीनों प्रांत प्रचारक और प्रांत टोली पदाधिकारियों के साथ भी एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
प्रवास के दौरान डॉ. भागवत के दो प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रम भी निर्धारित हैं—
- 15 नवंबर, सायं 5:30 बजे: एसएमएस इंडोर स्टेडियम, जयपुर में एकात्म मानव दर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित “वर्तमान वैश्विक परिदृश्य एवं एकात्मक मानव दर्शन” विषय पर वे उद्बोधन देंगे।
- 16 नवंबर, प्रातः 10 बजे: पाथेय भवन, मालवीय नगर, जयपुर में “…और यह जीवन समर्पित” शीर्षक ग्रंथ के विमोचन समारोह में शामिल होंगे। यह ग्रंथ राजस्थान के दिवंगत प्रचारकों के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित है, जिसका प्रकाशन ज्ञान गंगा प्रकाशन, जयपुर द्वारा किया गया है।
अपने प्रवास के दौरान डॉ. भागवत संघ कार्यकर्ताओं के विभिन्न समूहों से अनौपचारिक संवाद भी करेंगे।
— ✍️ मोनू सुरेश छीपा, जयपुर


