
लोककवि मोहन मंडेला स्मृति सम्मान-2025 जोधपुर के सत्यदेव संवितेन्द्र को
28वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह 27 नवंबर को शाहपुरा में होगा आयोजित
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा, 12 नवम्बर।
साहित्य सृजन कला संगम द्वारा स्थापित लोककवि मोहन मंडेला स्मृति लोक साहित्य सम्मान वर्ष 2025 के लिए इस बार राजस्थानी भाषा के ख्यातनाम कवि, लेखक एवं साहित्यकार सत्यदेव संवितेन्द्र (जोधपुर) को प्रदान किया जाएगा।
श्री संवितेन्द्र अब तक 70 से अधिक पुस्तकों के रचयिता हैं और उन्हें अनेक अकादमिक व साहित्यिक संस्थानों से सम्मानित किया जा चुका है। साहित्य के क्षेत्र में यह सम्मान अत्यंत प्रतिष्ठित माना जाता है।
अब तक इस सम्मान से विभूषित प्रमुख साहित्यकारों में गजानन वर्मा (श्रीरतनगढ़), कल्याण सिंह राजावत (जयपुर), दुर्गादान सिंह गौड़ (झालावाड़), माधव दरक (केलवाड़ा), रघुराज सिंह हाड़ा (झालावाड़), भंवरजी भंवर (जयपुर), भागीरथ सिंह भाग्य (बगड़), अरूणकांत सॉचीहर (कांकरोली), पं. विश्वेश्वर शर्मा (मुंबई), मुकुट मणिराज (कोटा), गिरीश विद्रोही (श्रीनाथद्वारा), डॉ. खटका राजस्थानी (बिजयनगर), नागराज शर्मा (पिलानी), बिहारीशरण पारीक (जयपुर), नाथूलाल ‘निडर’ (अंता), हंसराज चौधरी (रावतभाटा), ताऊ शेखावाटी (सवाईमाधोपुर), आईदान सिंह भाटी (जोधपुर), उपेन्द्र अणु (ऋषभदेव), गजादान चारण (डीडवाना), डॉ. इकराम राजस्थानी (जयपुर), राजेन्द्र स्वर्णकार (बीकानेर) और बाबू बंजारा (बारां) शामिल हैं।
इस सम्मान के अंतर्गत नकद राशि, शॉल, साफा एवं स्मृति चिन्ह प्रदान करने की परंपरा रही है। प्रतिवर्ष यह सम्मान लोककवि श्री मोहन मंडेला स्मृति अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के अवसर पर दिया जाता है।
इस वर्ष लोककवि मोहन मंडेला की 29वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित 28वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह 27 नवंबर को शाहपुरा में आयोजित किया जाएगा।
सह सचिव कवि दिनेश बंटी ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन कर 29 नवंबर के स्थान पर 27 नवंबर को आयोजन सुनिश्चित किया गया है।
संस्था के अध्यक्ष जयदेव जोशी ने बताया कि आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान करने के लिए तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस कार्यक्रम में देशभर के चुनिंदा एवं ख्याति प्राप्त कवि सहभागिता करेंगे।



