कई नामचीन कवि होंगे मण्डेला स्मृति कवि सम्मेलन की शान
28वें सम्मान समारोह में प्रवेश फ्री पास से, 27 नवंबर को श्री राम टॉकीज हॉल में आयोजन
By: मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा, 18 नवंबर
साहित्यिक संस्था साहित्य सृजन कला संगम के तत्वावधान में आगामी 27 नवम्बर 2025 (गुरुवार) को आयोजित 28वें लोक कवि मोहन मण्डेला स्मृति सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देशभर के अनेक नामचीन कवि अपनी प्रस्तुति देंगे। संस्था अध्यक्ष जयदेव जोशी ने बताया कि इस बार का आयोजन साहित्यिक वैभव और श्रेष्ठतम रचनात्मकता का संगम होगा।
जोशी ने बताया कि आमंत्रित कवियों में—
- सत्यदेव संवितेन्द्र, जोधपुर – राजस्थानी भाषा के ख्याति प्राप्त कवि एवं साहित्यकार, इस वर्ष के मण्डेला स्मृति सम्मान से सम्मानित कवि
- डॉ. कीर्ति काले, नई दिल्ली – अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवयित्री
- रास बिहारी गौड़, अजमेर – अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि, लाफ्टर फेम एवं मंच संचालक
- पं. उमेश उत्साही, जयपुर – राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ओजस्वी कवि
- विष्णु विश्वास, अंता – राजस्थानी भाषा के सुमधुर गीतकार
- कानू पंडित, श्रीनाथद्वारा – हास्य एवं श्रृंगार के विलक्षण कवि
- दिनेश ‘बंटी’, शाहपुरा – सुप्रसिद्ध हास्य कवि
तथा अन्य प्रख्यात कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
आयोजन के सूत्रधार एवं संयोजक, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि डॉ. कैलाश मण्डेला ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी रात्रि 7:30 बजे से श्री राम टॉकीज हॉल में आयोजित किया जाएगा। सीमित स्थान को देखते हुए प्रवेश केवल फ्री पास के माध्यम से ही होगा।
फ्री पास उपलब्धता
- पास 25 नवंबर से मिलना शुरू होंगे।
- पास प्राप्ति स्थलों में म्यूजिक पॉइंट–त्रिमूर्ति सर्किल एवं सुदर्शन एंटरप्राइजेज–कोर्ट के सामने शामिल हैं।
- “पहले आओ, पहले पाओ” व्यवस्था के तहत समय पर पहुंचने वाले ही उचित स्थान पर बैठ सकेंगे।
डॉ. मण्डेला ने बताया कि कार्यक्रम को लाइव प्रसारण के माध्यम से दूरस्थ दर्शकों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। लिंक शीघ्र जारी किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी जिले सहित बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रोताओं के शामिल होने की संभावना है।


