बीजेपी में सत्ता–संगठन तालमेल मजबूत करने जयपुर में दो चरणों में हाई–प्रोफाइल बैठक, भीलवाड़ा के कार्यकर्ता रहे केंद्र में
सीएम हाउस में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष ने भीलवाड़ा कार्यकर्ताओं से की अलग बैठक | प्रदेश कार्यालय में नियमित जनसुनवाई की तैयारी
By: *मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
जयपुर/भीलवाड़ा, 22 नवंबर।
भाजपा संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए रविवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भीलवाड़ा जिले के कार्यकर्ताओं के साथ दो चरणों में हाई–प्रोफाइल बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की शीर्ष नेतृत्व टीम मौजूद रही, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी, अशोक परनामी, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, और राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी शामिल रहे।
भीलवाड़ा कार्यकर्ताओं के साथ विशेष संवाद
बैठक के प्रथम चरण में अजमेर संभाग स्तरीय और दूसरे चरण में भीलवाड़ा जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा जिले के प्रत्येक चयनित कार्यकर्ता से व्यक्तिगत बातचीत कर सत्ता और संगठन के बीच तालमेल, स्थानीय समस्याएं और जिले की प्राथमिकताओं पर फीडबैक लिया।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा और भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के कामकाज, संगठनात्मक गतिविधियों और जमीनी स्तर की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की।
जिला स्तर पर अलग बैठक: भीलवाड़ा रहा फोकस में
मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने भीलवाड़ा जिले के पदाधिकारियों के साथ अलग विशेष बैठक की, जिसमें
चयनित प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, मीडिया संयोजक, आईटी व सोशल मीडिया संयोजक समेत प्रमुख जिम्मेदार कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में जिले की रणनीतिक जरूरतों, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन–सरकार की समन्वय प्रक्रिया पर चर्चा हुई।
सत्ता–संगठन समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा
बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि भाजपा सरकार संगठन की भावनाओं और कार्यकर्ता–आधारित फीडबैक को प्राथमिकता देगी।
इस दिशा में भीलवाड़ा को मॉडल जिला के तौर पर प्रस्तुत किया गया, जहाँ सत्ता व संगठन के बीच बेहतर तालमेल को और मजबूत करने की रूपरेखा तय की गई।
प्रदेश कार्यालय में होगी नियमित जनसुनवाई
बैठक का सबसे बड़ा निर्णय यह रहा कि अब प्रदेश भाजपा कार्यालय, जयपुर में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
सरकार के मंत्री और संगठन के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से सीधे समस्याएं सुनेंगे, जिससे जिलों से आने वाले मुद्दों का त्वरित समाधान हो सके।
दो चरणों की बैठक में शामिल प्रमुख
बैठक की जानकारी भाजपा जिला मीडिया संयोजक महावीर समदानी ने दी।
उन्होंने बताया कि इस तरह की बैठकों से कार्यकर्ता सीधे नेतृत्व से संवाद कर सकेंगे, जो पार्टी की राजनीतिक सक्रियता और मजबूती को गति देगा।


