हेडलाइन:
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में रंगकर्मी एडवोकेट दीपक पारीक का अद्भुत एकल अभिनय “हिंदुस्तानी मदारी”
सब–हेडलाइन:
देशभक्ति, राष्ट्रीय भावना और वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से किया प्रस्तुत
By — मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, शाहपुरा में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रसिद्ध रंगकर्मी कलाकार एवं अधिवक्ता दीपक पारीक ने अपने शानदार एकल अभिनय “हिंदुस्तानी मदारी” के माध्यम से देशभक्ति की गहरी भावना को जीवंत किया। प्रस्तुति ने बच्चों से लेकर सभी आयु वर्ग के दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
विद्यालय प्राचार्य ईश्वरलाल मीणा ने बताया कि दीपक पारीक ने वंदे मातरम् मंत्र के इतिहास, इसके लेखन काल, उद्देश्य और राष्ट्रीय महत्व पर सरल एवं प्रभावी शैली में प्रकाश डालते हुए इसे नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास किया।
मीडिया प्रभारी डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने कहा कि यह एकल अभिनय वंदे मातरम् के जन्म, इसकी पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और देशभक्ति को प्रेरित करने वाले इसके योगदान को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत करता है। दीपक पारीक ने वर्तमान समय में भी वंदे मातरम् को राष्ट्रीय एकता और सम्मान का प्रतीक बताते हुए इसकी प्रासंगिकता पर जोर दिया।
प्रस्तुति के दौरान अभिनय, संगीत और संदेश का संगम दर्शकों को बांधे रखने में सफल रहा। दर्शकों ने इसे अत्यंत प्रभावशाली और हृदयस्पर्शी बताया।
संचिना कला संस्थान के अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक ने कहा कि “हर बच्चे में विभिन्न विधाएँ जन्मजात मौजूद हैं, आवश्यकता उन्हें पहचानकर निखारने की है।”
कार्यक्रम का संचालन डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।



