खटीक मोहल्ले में खाई के कारण बढ़ा खतरा, मच्छरों और साँपों से दहशत में वार्डवासी
शाहपुरा के वार्ड 18–19 के लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्यवाही की मांग की
✍️ *मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा। वार्ड नंबर 18–19 स्थित खटीक मोहल्ले में मौजूद खाई (नाला) स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। भारी बरसात के बाद यह खाई पूरी तरह पानी से भर गई, जिससे उसमें बबूल, झाड़ियाँ, अन्य पेड़-पौधे तथा कचरा जमा हो गया है। पानी लंबे समय तक भरा रहने के कारण अब इसकी निकासी भी संभव नहीं हो पा रही है, जिससे स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि बरसात के दौरान जहाँ मच्छरों की भरमार रहती है, वहीं अब भी खाई में भरे पानी के कारण अलसिया, जोके (कीड़े-मकोड़े) और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे पूर्व इलाके में मच्छरों से फैले संक्रमण के चलते एक महिला की मौत भी हो चुकी है, जिसके बाद लोगों में स्थिति को लेकर और अधिक भय का माहौल है।
इसके अलावा, खाई में भरे पानी और घनी झाड़ियों के कारण साँपों का आवागमन तेज हो गया है। आए दिन घरों में साँप निकलने की घटनाएँ सामने आ रही हैं, जिससे छोटे बच्चों वाले परिवार गंभीर चिंता में हैं। मोहल्लेवासियों के अनुसार, अब तो रात में घरों से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि—
“यह समस्या वर्षों से है, लेकिन इस बार बारिश अधिक होने से स्थितियाँ और बिगड़ गई हैं। डर और मच्छरों का संकट इतना बढ़ गया है कि कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। इसलिए प्रशासन जल्द से जल्द खाई की सफाई कराए, पानी की निकासी व्यवस्था बनाए और खाई को ढकने की उचित योजना बनाए, ताकि स्थायी समाधान हो सके।”
क्षेत्रवासियों ने नगरपालिका एवं प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि लोगों को मच्छरों और साँपों के भय से राहत मिल सके तथा मोहल्ले की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


