खटीक मोहल्ला खाई (नाले) की समस्या से कराह उठा—मच्छरों, सांपों और गंदगी से दहशत में वार्डवासी नाले में भरे गंदे पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा, पहले भी डेंगू से हो चुकी है मौत—प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग ✍️ मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*

Published On:

Date:

खटीक मोहल्ला खाई (नाले) की समस्या से कराह उठा—मच्छरों, सांपों और गंदगी से दहशत में वार्डवासी

नाले में भरे गंदे पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा, पहले भी डेंगू से हो चुकी है मौत—प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग

✍️ मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*

शाहपुरा। वार्ड नंबर 18-19 स्थित खटीक मोहल्ला पिछले कई वर्षों से खाई (नाले) की जर्जर और खतरनाक स्थिति से जूझ रहा है। इस बार भारी बारिश के कारण नाला पूरी तरह भर गया, जिसमें कचरा, बबूल और झाड़ियां जमने से पानी निकास पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। परिणामस्वरूप मच्छरों, सांपों और बदबू की समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

नसीम मेवाती व उनकी बहन ने बताया कि नाले में पानी भरे रहने के कारण बरसात के दिनों में तो परेशानी चरम पर थी ही, अब भी आए दिन घरों में सांप घुस जाते हैं। कई बार सांप रात को बिस्तरों पर तक पहुंच चुके हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर मोहल्लेवासी बेहद चिंतित हैं। सबसे बड़ा संकट मच्छरों का है—क्योंकि इसी मोहल्ले में मच्छरों से फैलने वाले डेंगू के कारण एक महिला की मृत्यु भी हो चुकी है।

नाले के किनारे फैला कचरा, दुकानदारों द्वारा इधर-उधर फेंका गया गंदा कूड़ा और लगातार उठती दुर्गंध ने जीवन दूभर कर दिया है। शाम के समय शराब पीने वाले और असामाजिक तत्व भी इस क्षेत्र में इकठ्ठा होकर गाली-गलौच करते हैं, जिससे महिलाओं और परिवारों में भय का माहौल है।

नाले को ढकने से शाहपुरा को मिलेगी बड़ी सुविधा
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस खाई (नाले) की सफाई कर इसे ढक दिया जाए, तो शाहपुरा शहर में पार्किंग और ट्रैफिक की गंभीर समस्या से भी बड़ी राहत मिल सकती है। दीपावली सहित त्योहारों और मेलों के दौरान जब शहर में भारी भीड़ रहती है, तब पार्किंग की कमी सबसे बड़ी समस्या बनती है। इस नाले को कवर कर इसके दोनों ओर वाहन खड़े करने की पर्याप्त जगह बनाई जा सकती है।

साथ ही, त्रिमूर्ति चौराहे के पास श्रीराम टॉकीज के बाहर लगी सब्ज़ी मंडी को भी इस नाले के ऊपर स्थायी रूप से व्यवस्थित किया जा सकता है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से आग्रह किया है कि इस खाई (नाले) को तुरंत साफ करवाकर मजबूत पुलिया का निर्माण किया जाए। इससे न केवल मच्छरों व सांपों से मुक्त वातावरण मिलेगा, बल्कि ट्रैफिक, पार्किंग और सब्जी मंडी की व्यवस्थाओं में भी बड़ा सुधार आएगा।

खटीक मोहल्ला के निवासी अब प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं कि उनकी वर्षों पुरानी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए।

Leave a Comment

Related News