फ़ेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स भीलवाड़ा की वार्षिक बैठक सम्पन्न
गैस वितरण प्रणाली सुदृढ़ करने को लेकर कई अहम निर्णय, व्यावसायिक सिलेंडर उपयोग पर सख्ती
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा | 13 जनवरी 2026
फ़ेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स, भीलवाड़ा की वार्षिक बैठक आज होटल पीएफसी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फ़ेडरेशन अध्यक्ष श्री रामेश्वर लाल सोलंकी ने की, जबकि उपाध्यक्ष श्री घिसा लाल यादव विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मंच संचालन श्री राजेश सोलंकी एवं श्री कुलदीप सिंह चांदावत द्वारा किया गया।
बैठक में गैस वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। निर्णय अनुसार शादी-विवाह समारोहों, होटलों, ढाबों, चाय की थड़ियों, रिसोर्ट्स सहित सभी व्यावसायिक स्थलों पर केवल 19 किलो एवं 5 किलो के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाएगा। घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी घरेलू उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण की जाएगी तथा रिफिल सिलेंडर वितरण के समय प्रत्येक उपभोक्ता से डिलीवरी कोड (ओटीपी) अनिवार्य रूप से लिया जाएगा। उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेंडेटरी इंस्पेक्शन अभियान चलाया जाएगा तथा प्रत्येक पांच वर्ष में सुरक्षा पाइप को अनिवार्य रूप से बदलने का विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।
वार्षिक बैठक में फ़ेडरेशन के आय-व्यय का संपूर्ण विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। साथ ही उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पात्र हितग्राहियों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
जिला रसद अधिकारी भीलवाड़ा के आदेश क्रमांक 2025/109 की पालना में सभी होटलों, विवाह स्थलों एवं हलवाइयों को व्यावसायिक सिलेंडर उपयोग हेतु पाबंद करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में फ़ेडरेशन के संरक्षक विनोद भंडारी सहित रामकुंवार मीणा, मनसुख गुर्जर, सुरेश चौधरी, अनिल दोषी, मनीष बापना, श्याम मूंदड़ा, सीताराम खटीक, हरित सिंह सिसोदिया, रचित मोदी, बालकृष्ण मूंदड़ा, आशीष अग्रवाल, आबिद हुसैन, जीवन टांक, कमलेश सुवालका, सत्यप्रकाश टांक, नवीन जीनगर, नरेंद्र जैन, तरुण कोठारी, नवल पोरवाल, प्रदीप टेलर, सुरेंद्र सालवी, अब्दुल व्हाब, अभिषेक ओंझा, सुमिकेत जैन, नारायण कुमावत, कुलदीप पाराशर, वेदान्त वर्मा, लादु लाल सुवालका, मुकेश साहू सहित जिलेभर के समस्त गैस वितरक उपस्थित रहे।
— मोनू सुरेश छीपा


