महेश नवमी पर श्री चारभुजा मंदिर में सजेगा भव्य छप्पन भोग, स्वर्ण पोशाक में होंगे चारभुजा नाथ के दर्शन
फूलों और गुब्बारों से सजेगा निज मंदिर, दुग्धाभिषेक, भजन सरिता, महाआरती एवं प्रसाद वितरण के होंगे विशेष आयोजन
भीलवाड़ा, 21 जून। माहेश्वरी समाज के महापर्व महेश नवमी के पावन अवसर पर 23 जून मंगलवार को श्री माहेश्वरी समाज श्री चारभुजा जी मंदिर ट्रस्ट, भीलवाड़ा द्वारा बड़ा मंदिर परिसर में भव्य छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि शांतिलाल, सत्यनारायण, संजय, सुनील एवं समस्त डाड परिवार के सहयोग से विगत 15 वर्षों से लगातार महेश नवमी के अवसर पर यह आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी चारभुजा नाथ का विशेष दुग्धाभिषेक, छप्पन भोग, भजन सरिता, ध्वजा-पताका अर्पण, महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
महोत्सव को लेकर चारभुजा नाथ के निज मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों एवं आकर्षक गुब्बारों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं को भगवान के स्वर्ण पोशाक धारण किए हुए दिव्य स्वरूप के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा
- प्रातः 5:00 बजे — श्री चारभुजा नाथ का दुग्धाभिषेक
- प्रातः 8:00 बजे — छप्पन भोग विशेष झांकी दर्शन
- प्रातः 9:00 से 12:00 बजे तक — भजन सरिता
- प्रातः 11:15 बजे — ध्वजा-पताका अर्पण
- दोपहर 12:05 बजे — महाआरती
- महाआरती के पश्चात — प्रसाद वितरण
ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं एवं माहेश्वरी समाजजनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। महेश नवमी के अवसर पर आयोजित यह भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का विशेष संदेश देगा।
