महाशिवरात्रि पर होगा भीलवाड़ा का पहला विशाल सामूहिक तुलसी विवाह
लव-कुश सेवा संस्थान ट्रस्ट की पहल, 1100 सनातनी परिवार होंगे सहभागी
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा।
सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए लव-कुश सेवा संस्थान ट्रस्ट द्वारा भीलवाड़ा में पहली बार विशाल सामूहिक तुलसी विवाह कार्यक्रम का आयोजन आगामी महाशिवरात्रि पर्व पर किया जाएगा। इस आशय का निर्णय ट्रस्ट की आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
लव-कुश सेवा संस्थान ट्रस्ट के राष्ट्रीय महासचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में प्रथम बार सामूहिक तुलसी विवाह का आयोजन कर सनातन धर्म के मूल्यों को सशक्त करने एवं सर्व समाज को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रस्ट की संस्थापिका अध्यक्ष श्रीमती निरंजना सोनी ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आयोजन के अंतर्गत सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विधि-विधानपूर्वक तुलसी विवाह की समस्त रस्में संपन्न कराई जाएंगी। कथा सप्ताह के समापन अवसर पर भव्य रूप से सामूहिक तुलसी विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा।
ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में 1100 सनातनी परिवारों के जोड़े यज्ञ वेदी में बैठकर सामूहिक रूप से तुलसी विवाह की धार्मिक परंपरा का निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक में कार्यक्रम प्रभारी घनश्याम गौड़, जिला मंत्री मुकेश जीनगर, प्रचार-प्रसार मंत्री पियुष विजयवर्गीय, कार्यालय प्रमुख दिनेश विजयवर्गीय, महिला संपर्क प्रमुख कविता छिपा, नैवेध्या सोनी, प्रशासनिक संपर्क प्रमुख दुर्गालाल सोनी, सेवा प्रमुख गोभक्त हरि भोजा गुजर, कैलाश कसारा एवं गिरीराज गर्ग सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त कर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।


