भजनलाल सरकार ने युवाओं को दी पारदर्शी भर्ती की सौगात, बेरोजगारी दर 26% से घटकर 7.4% हुई: शंकर गोरा

✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा | 17 जनवरी रिपोर्ट:
भीलवाड़ा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान जो बेरोजगारी दर 26% तक पहुंच गई थी, वह अब भाजपा के सुशासन में घटकर मात्र 7.4% रह गई है।
शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित ‘युवा व कार्यकर्ता संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष गोरा ने गहलोत सरकार के कार्यकाल में हुए पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया।
भर्ती कैलेंडर 2026: एक लाख नौकरियों का रोडमैप
शंकर गोरा ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सरकार ने वर्ष 2026 का भर्ती कैलेंडर जारी कर दिया है।
- पारदर्शी व्यवस्था: 44 भर्ती परीक्षाओं का समयबद्ध कार्यक्रम जारी किया गया है ताकि युवाओं को बिना किसी असमंजस और खर्च के नौकरी मिल सके।
- बिना पेपर लीक परीक्षाएं: पिछले दो वर्षों में 296 भर्ती परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के सफलतापूर्वक संपन्न हुई हैं।
- बड़ी उपलब्धि: अब तक 92 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्तमान में जारी है।
कौशल विकास और स्टार्टअप पर जोर
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि भाजपा सरकार युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि उन्हें उद्यमी भी बना रही है।
- प्रदेश में 3000 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हुए हैं।
- मुख्यमंत्री युवा संबल और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के जरिए लाखों युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
- खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का सफल आयोजन और खिलाड़ियों को बीमा व आरक्षण जैसी सुविधाएं युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा रही हैं।
भीलवाड़ा में जोरदार स्वागत: गदा और तलवार भेंट की
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा के प्रथम बार भीलवाड़ा आगमन पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बड़ी माला पहनाई और गदा (गोठा) व तलवार भेंट कर अभिनंदन किया।
मंच पर मौजूद रहे प्रमुख नेता
संवाद कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने युवाओं को जोश और उमंग के साथ पार्टी कार्य में जुटने का आह्वान किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवानी कानावत, विपुल शर्मा, प्रदेश मंत्री सुमित अग्रवाल, रजनीश कस्वा, प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येंद्र त्यागी, लक्ष्यराज सिंह एकलिंगपुरा और अर्पित समदानी सहित जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


