गुलाबपुरा में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, 680 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
गुलाबपुरा | रामकिशन वैष्णव
उपखंड प्रशासन एवं आयुष विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को श्री गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय के विवेकानंद सभागार में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम के साथ उत्साह एवं उल्लासपूर्वक मनाया गया। ब्लॉक स्तरीय इस आयोजन में लगभग 680 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी दिव्यराज सिंह चुंडावत तथा पुलिस उपाधीक्षक सतीश मीणा रहे। विशिष्ट अतिथियों में निवर्तमान प्रधान कृष्णा सिंह, कन्हैयालाल वैष्णव, भैरूलाल पाराशर, राजेंद्र गुर्जर, नगर भाजपा अध्यक्ष इंद्रजीत राठौड़, डॉ. हेमलता मीणा, सहायक ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. भगीरथ मीणा, डॉ. डी.डी. गुप्ता, प्रधानाचार्य सत्यनारायण अग्रवाल सहित शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, घुटना संचालन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्द्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्द्धउष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्द्धहलासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, नाड़ी शोधन, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों की जानकारी देते हुए इनके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संकल्प दिलाया गया कि वे अपने जीवन में मानसिक संतुलन बनाए रखते हुए परिवार, समाज और राष्ट्र में शांति, स्वास्थ्य एवं सौहार्द के प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम का समापन “सर्वे भवन्तु सुखिनः” शांति पाठ के साथ हुआ।
योग की समस्त गतिविधियां शारीरिक शिक्षक सुनील कुमार लड्ढा एवं परवीन के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं। अंत में ब्लॉक नोडल प्रभारी डॉ. विजय वैष्णव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि योग दिवस कार्यक्रम में 380 पुरुष एवं 300 महिलाओं ने सहभागिता कर नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
