शाहपुरा: नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती पर उमड़ा राष्ट्रभक्ति का ज्वार, 75 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकला भव्य पथ-संचलन

शाहपुरा | *संपादक: मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा विद्या भारती द्वारा संचालित स्थानीय आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय, कोठार मोहल्ला में आजाद हिंद फौज के नायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के उपलक्ष में शौर्य और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला। 23 जनवरी जयंती के पूर्व संध्या पर विद्यालय के भैया-बहिनों द्वारा भव्य, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित पथ-संचलन निकाला गया, जिसने पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
75 फीट लंबा तिरंगा और जीवंत झांकी रही आकर्षण का केंद्र
इस गरिमामय पथ-संचलन में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की आकर्षक झांकी ने जहाँ लोगों का मन मोह लिया, वहीं 75 फीट लंबा तिरंगा विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। नन्हे हाथों में लहराते इस विशाल तिरंगे को देख हर नागरिक का मस्तक गर्व से ऊंचा हो गया।
बिना पुलिस सहायता, अनुशासन की अनूठी मिसाल
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसका स्वयं-अनुशासन रहा। बिना पुलिस प्रशासन के सहयोग के, विद्यालय के कुल 315 भैया-बहिनों ने घोष (बैंड) की ताल पर कदम से कदम मिलाते हुए पूर्ण शांति और व्यवस्था के साथ पथ-संचलन संपन्न किया।
नगर भ्रमण: पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
पथ-संचलन को विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष कन्हैया लाल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह संचलन विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर:
- उदयभान गेट, श्रीराम मंदिर
- कलिंजरी गेट एवं सदर बाजार
- त्रिमूर्ति चौराहा व रामद्वारा
- वेलकम होटल एवं हरिजन बस्ती (श्रीराम मंदिर) होते हुए पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर भैया-बहिनों का भव्य स्वागत किया और उनके अनुशासन की सराहना की।
राष्ट्रीय जागरण का संदेश
प्रधानाचार्य कपिल निम्बार्क ने नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का मूल उद्देश्य भावी पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय जागरण की भावना को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सहयोग के लिए नगरवासियों और व्यवस्थापकों का आभार जताया।



