भीलवाड़ा: श्री विश्वकर्मा जयंती पर सरकारी अवकाश और ‘महारानी दिद्दा’ के नाम चौराहे की मांग, समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा | 23 जनवरी 2026
भीलवाड़ा (द वॉइस ऑफ राजस्थान संवाददाता, प्रभुलाल लोहार): श्री विश्वकर्मा पांचाल (लोहार) समाज, जिला भीलवाड़ा की ओर से आज जिला कलेक्टर को विभिन्न मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से प्रशासन से सामाजिक आस्था और ऐतिहासिक सम्मान से जुड़ी माँगे पूरी करने का आग्रह किया।
प्रमुख मांगें: सरकारी अवकाश और विश्वकर्मा सर्किल
ज्ञापन में समाज की ओर से मुख्य रूप से दो बड़ी मांगें रखी गईं:
- विश्वकर्मा जयंती पर सार्वजनिक अवकाश: सृष्टि के रचयिता और शिल्पकार भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। समाज का तर्क है कि पांचाल लोहार और शिल्पकार समाज बड़ी संख्या में कार्यरत है और यह उनकी आस्था का केंद्र है।
- श्री विश्वकर्मा सर्किल: शहर के किसी प्रमुख चौराहे का नामकरण भगवान विश्वकर्मा के नाम पर करने की मांग दोहराई गई।
महारानी दिद्दा के सम्मान में चौराहे और प्रतिमा की मांग
समाज ने “कश्मीर की शेरनी” कही जाने वाली महान हिंदू शासिका महारानी दिद्दा के अद्वितीय साहस और गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए, उनके सम्मान में भीलवाड़ा के एक प्रमुख चौराहे का नामकरण उनके नाम पर करने और वहां उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई। समाजजनों का कहना है कि इससे युवा पीढ़ी को नारी शक्ति और वीरता की प्रेरणा मिलेगी।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से इन मांगों पर सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है ताकि समाज की भावनाओं का सम्मान हो सके।


