*सामाजिक कुरीतियों को मिटाकर अपनाएं पंच परिवर्तन – आमेटा*
===
* गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव) कस्बे की विवेकानंद बस्ती में हिंदू सम्मेलन का आयोजन धूमधाम से किया गया । हिंदू सम्मेलन के संयोजक परमानंद शर्मा ने बताया कि पुराना जोरावरपुरा के चारभुजा मंदिर से विशाल शोभायात्रा का श्री राम दरबार की झांकी, कलश यात्रा और संत श्री अमित दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजन हुआ। शोभायात्रा गाजे बाजे और अखाड़ा प्रदर्शन के साथ पूरे बस्ती से होते हुए देवनारायण मंदिर पर पहुंची, जहां पर धर्म सभा का आयोजन किया गया। धर्म सभा की शुरुआत विनोद कुमार बैरवा ने प्रस्तावना वाचन से किया। धर्म सभा में रामानंद आश्रम बद्रीनाथ धाम उत्तराखंड के संत श्री अमित दास जी महाराज और रामस्नेही संप्रदाय अहमदाबाद के संत श्री कीमत राम जी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त हुआ। सम्मेलन के मुख्य वक्ता ओम प्रकाश आमेटा प्रांत मंत्री किसान संघ ने पंच परिवर्तन की व्याख्या करते हुए एकता, समरसता और गौरव की भावना जागृत करने का आह्वान किया, साथ ही सामाजिक कुरीतियों को मिटाकर, जाति पंथ के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण, परिवार और संस्कृति की जड़ों को मजबूत करने का भी आह्वान किया गया। महिला प्रतिनिधि के रूप में सीता सुखवाल ने महिलाओं के इतिहास योगदान पर चर्चा करते हुए सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका पर विस्तृत विवेचना की। मनोज आसोपा ने हे प्रीत जहां की रीत सदा गीत सुनाया। कार्यक्रम में बस्ती के विभिन्न मंदिरों के पुजारियो का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष फतेह लाल काठेड़ ने सभी का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष धनराज गुर्जर, पार्षद प्रियंका शर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ किया गया जिसमें बस्ती के लगभग सभी परिवारों ने एक साथ बैठकर भोजन किया।


