बजट 2026: 53.5 लाख करोड़ का ‘विजनरी’ बजट, कैंसर दवाओं पर राहत और MSME को संजीवनी – CS रागिनी गुप्ता
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा | 1 फरवरी 2026
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए ₹53.5 लाख करोड़ के बजट को भीलवाड़ा की प्रसिद्ध प्रैक्टिसिंग कंपनी सेक्रेटरी (CS) रागिनी गुप्ता ने देश की अर्थव्यवस्था के लिए ‘ऐतिहासिक’ और संतुलित बताया है। ‘रागिनी गुप्ता एंड एसोसिएट्स’ की ओर से बजट का विश्लेषण करते हुए उन्होंने इसे मध्यम वर्ग की सुगमता और भविष्य के बुनियादी ढांचे का ब्लूप्रिंट करार दिया।
आर्थिक स्थिरता और वित्तीय अनुशासन
CS रागिनी गुप्ता ने बताया कि सरकार ने राजकोषीय घाटे (Fiscal Deficit) को 4.3% पर रखकर यह संकेत दिया है कि भारत अपनी आर्थिक स्थिरता से समझौता किए बिना विकास की ओर अग्रसर है। इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं होना कर-प्रणाली में स्थिरता का प्रतीक है, जो निवेशकों के भरोसे को बढ़ाता है।
बजट के 3 बड़े पिलर्स (CS विश्लेषण):
- MSME सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ का फंड: भीलवाड़ा जैसे औद्योगिक नगर के लिए यह सबसे बड़ी राहत है। छोटे और मध्यम उद्योगों को मिलने वाला यह फंड लिक्विडिटी और व्यापार विस्तार में बड़ी मदद करेगा।
- कैंसर दवाओं पर कस्टम ड्यूटी खत्म: स्वास्थ्य के क्षेत्र में इसे ‘क्रांतिकारी कदम’ बताते हुए रागिनी गुप्ता ने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज की लागत घटने से आमजन को बड़ी वित्तीय राहत मिलेगी।
- इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ी छलांग: 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और 3 नए AIIMS की घोषणा देश के लॉजिस्टिक्स और स्वास्थ्य ढांचे को वैश्विक स्तर पर ले जाएगी।
जीवन जीने की सुगमता (Ease of Living)
रागिनी जी ने बजट के तकनीकी पहलुओं पर जोर देते हुए कहा कि बजट में कर प्रक्रियाओं के सरलीकरण और ‘इज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के साथ-साथ आम नागरिक के जीवन स्तर को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया गया है। पीएम मोदी द्वारा इसे ‘ऐतिहासिक’ कहना इसकी व्यापकता को दर्शाता है।


