राजस्थान: भीलवाड़ा में पहली बार जुटेगा संतों का महाकुंभ, 19 फरवरी से शुरू होगा सनातन मंगल महोत्सव
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में पहली बार आयोजित होने जा रहे भव्य ‘सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह’ ने अपनी भव्यता की दस्तक दे दी है। 19 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। हरी शेवा उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है।
VVIP मूवमेंट को लेकर प्रशासन अलर्ट
महोत्सव में राजस्थान के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष सहित कई कैबिनेट मंत्रियों के आने की संभावना है। इसी के मद्देनजर एएसपी मुख्यालय पारस जैन, सीओ सिटी सज्जन सिंह और अन्य अधिकारियों ने आयोजन स्थल का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि:
- कार्यक्रम स्थल के आसपास से सभी अतिक्रमण तुरंत हटाए जाएं।
- हजारों की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था हो।
- सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहे।
तीन ब्रह्मचारी लेंगे दीक्षा, देश-विदेश से आएंगे संत
इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण हरी शेवा उदासीन आश्रम के तीन ब्रह्मचारियों का दीक्षा दान होगा। सनातन धर्म की साधना परंपरा में इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्य सुरेश गोयल और रविंद्र जाजू ने बताया कि इस महोत्सव में केवल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश-विदेश से प्रख्यात संत-महात्मा शिरकत करेंगे।
समरसता का संदेश देगा महोत्सव
महोत्सव का उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। आयोजन समिति के रमेश मूंदड़ा, अशोक मूंदड़ा और हनुमान अग्रवाल सहित पूरी टीम प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर इसे ऐतिहासिक बनाने में जुटी है।



